देहरा : पुलिस चौकी रानीताल के तहत एक नाबालिग घर से अचानक गायब
पुलिस थाना क्षेत्र हरिपुर की चौकी रानीताल के तहत एक नाबालिग के अचानक घर से गायब हो जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में चौकी रानीताल में शिकायत दी गई है। नाबालिग की मां की ओर से दी गयी शिकायत में कहा गया है कि उसकी बेटी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसका पति बाहर काम करता है। बेटी अपने घर में मां के पास थी। गत रात्रि वे अपने-अपने कमरे में चली गईं। सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसे बेटी का फोन आया कि वह अब चंडीगढ़ जाकर पढ़ेगी। उसके बाद उसके फोन का स्विच ऑफ आ रहा है। उसका कहना है कि बेटी घर से 1000 रुपये भी ले गई है। वहीँ, थाना प्रभारी हरिपुर पवन कुमार ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग के घर से अचानक गायब हो जाने की शिकायत मिली है, जिस पर पुलिस टीम छानबीन में जुट गई है।
