चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी कम्युनिस्ट पार्टी
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी। शनिवार को दाड़लाघाट में स्थित पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई बैठक में उम्मीदवारों का चयन किया गया। बैठक में तय किया गया कि पार्टी दाड़ला जिला परिषद वार्ड से उम्मीदवार मीना जायसवाल को अपना समर्थन देगी। इसके अलावा पार्टी धुंदन वार्ड में अपने प्रत्याशी की तलाश में है तथा पार्टी के सामने दो नाम सामने आए हैं जिसके ऊपर फैसला जल्द ही कर लिया जाएगा। पार्टी ने तय किया कि इन चुनाव में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएगी तथा जो उम्मीदवार जनता के बीच जनता के आंदोलन में जनता के साथ खड़ा है उसे अपना प्रत्याशी बनाएगी व मौकापरस्त व जनता विरोधी तत्वों को शिकस्त देगी। पार्टी ने प्रदेश सरकार द्वारा बागा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का स्तर बदलने तथा उसे डिनोटिफाई करने का विरोध किया। जिला परिषद सदस्य रामकृष्ण शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह फैसला जनता के ऊपर कुठाराघात है तथा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। शर्मा ने कहा कि बागा स्वास्थ्य केंद्र डिनोटिफाई करने के लिए पार्टी क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर संघर्ष करेगी।
