इंदौरा में खैर तस्करों पर कसा शिकंजा, अवैध रूप से खैर के मोच्छे ले जाती ऑल्टो कार पकड़ी
वन परिक्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत खैर तस्करों के विरुद्ध शिकंजा कसा गया है। ताजा कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद के नेतृत्व में विभागीय टीम ने नाकाबंदी कर एक ऑल्टो कार, जिसमें खैर के एक दर्जन से अधिक मोच्छे ले जाए जा रहे थे, को पकड़ा गया है। यह कार्रवाई वन विभाग की घोड़न बीट में की गई, जहाँ तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए खैर तस्करी की फिराक में थे कि विभागीय सतर्कता से आरोपियों को दबोच लिया गया।
वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद ने बताया कि वे वन रक्षक आंचल कुमार ( अतिरिक्त प्रभार घोड़न बीट ), वन रक्षक मोहन सिंह व वन मित्र साहिल कुमार की टीम के साथ स्वयं रात्रि गश्त पर थे कि एक ऑल्टो कार ( एच.पी. 38 ई 1669 ) जिसमें खैर तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था, को नाकाबंदी कर रोका गया व तलाशी लेने पर उसमें खैर के मोच्छे, जिनकी संख्या 13 पाई गई, बरामद किए गए। आरोपी खैर की लकड़ी ले जाने बारे कोई भी परमिट अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज पेश न कर पाए। जिस पर उनके विरुद्ध वन अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया गया।
वहीं कार में सवार व्यक्तियों की पहचान मोहित कुमार ( 27 ) पुत्र बुआ दित्ता, निवासी गाँव व डाकघर घोड़न, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा व राजकुमार ( 23 ) पुत्र बहादुर सिंह, निवासी गाँव घोड़न, डाकघर भोजपुर, तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। विभाग ने पकड़ी गई लकड़ी व कार को जब्त कर आगामी कार्रवाई हेतु मामला पुलिस विभाग को सौंप दिया है। वहीं उनके विरुद्ध पुलिस थाना डमटाल में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आर.ओ. अब्दुल हमीद ने कड़ा संदेश दिया है कि वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम किया जाएगा और अवैध वन कटान करने वाले अथवा अवैध खनन कर वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
