शिमला में लाखों का चिट्टा बरामद, हरियाणा का रहने वाला है आरोपी शमशाद अहमद
जिला शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। जिला पुलिस ने आईएसबीटी टूटीकंडी में हरियाणा के आरोपी से 288 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। जिसकी कीमत 10 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी की पहचान शमशाद अहमद (उम्र 42 वर्ष), निवासी जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई। पुलिस ने बालूगंज थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम, मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु आईएसबीटी शिमला क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इस दौरान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति कैरी बैग में भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) लेकर आईएसबीटी के प्रथम तल पर घूम रहा है और यहां के स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए हुलिये के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उससे पूछताछ की। गवाहों की उपस्थिति में उसके कैरी बैग की तलाशी लेने पर 288 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलु की जांच की जा रही है।
