पूर्ण राज्यत्व दिवस : धर्मपुर को डीएसपी ऑफिस, संधोल को नगर पंचायत का दर्जा
** मुख्यमंत्री ने मंडी के धर्मपुर में आयोजित 54वें पूर्ण राज्यत्व दिवस कार्यक्रम में की घोषणा
** कहा, तीन करोड़ से होगा बाबा कमलाहिया मंदिर का सौंदर्यीकरण
हिमाचल प्रदेश में विभिन्न श्रेणियों के 10 हजार पद भरे जाएंगे। वहीं, नए शैक्षणिक सत्र से पहली कक्षा में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के धर्मपुर में आयोजित राज्य के 54वें पूर्ण राज्यत्व दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में लोगोंं को संबोधित करते हुए कही। समारोह में उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड, भारतीय रिजर्व बटालियन सकोह, एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अप्रैल में 13 अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन खोले जाएंगे। इस दौरान सीएम सुक्खू ने राज्य सरकार की उपलब्धियां भी गिनवाईं। उन्होंने धर्मपुर क्षेत्र के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। संधोल को नगर पंचायत व धर्मपुर में डीएसपी कार्यालय खोलने की घोषणा की। बाबा कमलाहिया मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए तीन करोड़ देने की घोषणा की।