राज्यपाल ने की हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने की अपील

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आह्वान कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हम सभी को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में शामिल होकर अपना योगदान सुनिश्चित बनाना चाहिए। राज्यपाल गत सायं चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में भारत विकास परिषद द्वारा अपने 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘अलंकरण समारोह’ के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आजादी के अमृत महोत्सव मेंसभी को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में शामिल होकर अपना योगदान सुनिश्चित बनाना है।
उन्होंने कहा कि आजादी के इन 75 वर्षों का हमें आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है और यह दायित्व देश का प्रतिनिधित्व करने वालों का ही नहीं बल्कि हर व्यक्ति का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ विषय हम सब के समक्ष रखा है और इस उत्सव को सफल बनाने की चिंता हम सब की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन आ रहा है, जिसके हम साक्षी बने हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज हम विश्व को देने योग्य बने हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुछ भी बनने से पूर्व अच्छा इंसान होना जरूरी है क्योंकि एक अच्छा इंसान ही समाज में परिवर्तन लाता है। शिक्षा क्षेत्र में बदलाव के लिए उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह देश को दिशा देने वाली नीति है।
राज्यपाल ने भारत विकास परिषद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कुशल और कौशल का सम्मान किया है। उन्होंने परिषद से विभिन्न सामाजिक प्रकल्पों के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति तथा हर घर तिरंगा जैसे विषय को भी आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर, कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति प्रो. एच.के. चौधरी ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए कहा कि भारत विविधता का देश है।