हिमाचल : जयराम ठाकुर सहित भाजपा के 15 विधायक विधानसभा से निष्कासित
हिमाचल विधानसभा में आज विपक्षी दल भाजपा ने खूब हंगामा किया। सदन शुरू होते ही संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान की ओर से प्रस्ताव लाया गया कि पिछले कल भाजपा के कुछ विधायकों ने विधानसभा स्पीकर के कमरे में जाकर धक्कामुकी की है। इनका यह कृत्य असंसदीय है, जिससे विधानसभा की गरिमा को ठेस पहुंची है। इस हालत में सदन को चलाना संभव नहीं है। इस प्रस्ताव के खिलाफ भाजपा विधायकों ने जबरदस्त विरोध किया और दोनों ओर से नारेबाजी शुरू हो गई। इस शोर शराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा के 15 विधायकों को निष्कासित कर दिया है।
इन विधायकों को किया निष्कासित
हिमाचल विधानसभ अध्यक्ष ने जिन विधायकों को निष्कासित किया है, उनमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विपिन सिंह परमार, विनोद कुमार, हंसराज, जनकराम, बलवीर वर्मा, त्रिलोक जमवाल, सुरेंद्र शौरी, दीप राज, पूर्ण चंद, इंद्र सिंह गांधी, दलीप सिंह और रणधीर शर्मा, रणवीर सिंह व लोकेंद्र कुमार शामिल हैं।