हिमाचल: बारिश-बर्फबारी से पहले बढ़ी ठंड, 6 डिग्री कम हुआ पारा
हिमाचल प्रदेश प्रदेश में अगले छह दिन तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बारिश-बर्फबारी के कोई आसार नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक अधिक ऊंचे और मैदानी इलाकों में रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा। खासकर कुल्लू और लाहौल स्पीति जिला के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। प्रदेश के अधिक ऊंचे क्षेत्रों के साथ साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ रही है। इससे शिमला से ज्यादा ठंड कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, सोलन में पड़ रही है। प्रदेश में बारिश-बर्फबारी से पहले ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। राज्य के 27 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम और 12 शहरों में 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान भी नॉर्मल से 2.1 डिग्री नीचे गिर चुका है।
नाहन का रात का पारा में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 5.1 डिग्री की गिरावट के बाद 8.9 डिग्री रह गया है। पालमपुर का तापमान भी सामान्य से 4.5 डिग्री नीचे गिरने के बाद 5.5 डिग्री सेल्सियस रह गया है। शिमला का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सोलन का नॉर्मल से 2.8 डिग्री कम होने के बाद 3.2 डिग्री, मनाली का 1.9, सुंदरनगर 4.6, भुंतर 2.8, ऊना 8.5, पालमपुर 5.5, कांगड़ा 7.4, मंडी 6.2 और हमीरपुर 5.3 डिग्री तक गिर गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज मंडी और बिलासपुर में कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। मंडी जिला की बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा डैम के आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है।
