हिमाचल: न्यूनतम तापमान में गिरावट, 2 दिन बारिश बर्फबारी के आसार, जानें अपडेट
प्रदेश के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पर्वतीय क्षेत्रों, खासकर लाहौल-स्पीति में, अब रातें पहले से भी ज़्यादा ठंडी हो गई हैं। मंगलवार को, स्पीति घाटी का ताबो इलाका इस सीज़न का सबसे ठंडा बिंदु रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रदेश के छह जिलों में आज सुबह 10 बजे तक कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और सोलन के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छाएगा। इससे सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी कम होगी। इससे देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 7 दिसंबर को अधिक ऊंचे क्षेत्रों में हल्का हिमपात और मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश हो सकती है। मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इस बीच, प्रदेश के 17 शहरों का रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे गिर गया है। ताबो का न्यूनतम तापमान -8 डिग्री तक लुढ़क गया है। शिमला में भी रात का पारा 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के बाद 5 डिग्री सेल्सियस रह गया है। वहीं मंडी के सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री, कुल्लू के भुंतर का 3.0 डिग्री, कांगड़ा के पालमपुर का 4.0, सोलन का 2.4, मनाली का 2.7, हमीरपुर का 4.0 और कुल्लू के बजौरा का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री तक गिर गया है।
प्रदेश के चार जिले सोलन, ऊना, बिलासपुर और सिरमौर में दिसंबर माह में कोल्ड वेव की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे विंटर सीजन में सोलन, ऊना, बिलासपुर और सिरमौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों तापमान भी नॉर्मल से अधिक रहेगा। यानी इस बार सर्दियों में कड़ाके की सर्दी नहीं पड़ेगी। इसी तरह, दिसंबर में बारिश-बर्फबारी भी सामान्य से कम होगी। दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच भी बारिश सामान्य से कम होने का पूर्वानुमान है। नवंबर माह पहले ही सूखा चला गया है। इस तरह आने वाले दिनों में भी बारिश-बर्फबारी के कम आसार है। इससे सर्दियों में सूखे जैसी स्थिति बन सकती है।
