हिमाचल: मैदानी क्षेत्रों में छाया कोहरा, 4-5 नवंबर को बारिश-बर्फबारी के आसार
राजधानी शिमला, सुंदरनगर, मंडी और बिलासपुर सहित निचले और मध्य पर्वतीय कई इलाकों में शुक्रवार को कोहरा छाया रहा। हालांकि बाद में धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में तीन नवंबर तक मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। चार और पांच नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे उच्च पर्वतीय और जनजातीय इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज सुबह के वक्त भी कोहरा छाया रहा। हमीरपुर के सुजानपुर, मंडी की बल्ह घाटी और बिलासपुर में भाखड़ा डैम के आसपास के क्षेत्रों में कोहरा छाने के बाद 100 मीटर तक विजिबिलिटी गिर गई। मंडी और बिलासपुर में मौसम विभाग ने आज कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। 5 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दिन अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में हल्की बारिश हो सकती है।
वर्तमान में प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम और ताबो व कुकुमसेरी में माइनस में चला गया है। कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान सबसे कम माइनस 1.2 डिग्री और ताबो का माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान धर्मशाला, ऊना और सोलन के न्यूनतम तापमान में भारी उछाल आया है। धर्मशाला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री ज्यादा के साथ 17.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ऊना का तापमान सामान्य से 4.8 ज्यादा के साथ 15.5 डिग्री और सोलन का 4.5 डिग्री ज्यादा के साथ 12.4 डिग्री सेल्सियस हो गया है।
