हिमाचल: 8 शहरों में पारा 5 डिग्री से कम, ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश बर्फ़बारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में शुष्क मौसम लगातार जारी है। प्रदेश के 8 शहरों में पारा 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है, जिसमें कुकुमसेरी का तापमान सबसे कम –5.6 डिग्री दर्ज किया गया कल्पा में –0.6, ताबो में –4.4, नारकंडा में 2.2, मनाली में 1.1, भुंतर में 1.5, रेकोंगपिओ में 2.1 और बजौरा में 1.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। शिमला का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 2 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग शिमला के अनुसार, अधिकतर क्षेत्रों में दिन में धूप खिली रही, जबकि सुबह के समय प्रदेश के कुछ मैदानी इलाकों में कोहरा छा रहा है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है।
IMD के अनुसार, 8 दिसंबर को चंबा, किन्नौर और कुल्लू के ऊपरी इलाकों में मौसम करवट ले सकता है और कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 9 से 12 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम फिर से साफ रहने का अनुमान है। निचले और मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के आसार नहीं हैं। वहीं अधिकतम तापमान में कांगड़ा 26 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। शिमला में दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। धर्मशाला में 23, ऊना में 23.6, हमीरपुर में 23.6,मंडी में 20.2 और मनाली में 14.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। प्रदेश में अगले चार-पांच दिनों तक मौसम शुष्क और साफ रहने की उम्मीद है। केवल 8 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी या बारिश संभव है।
