इंदौरा: काठगढ़ में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर 22 मार्च को, नवरात्रि महोत्सव भी शुरू
प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ (इंदौरा) द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रथम नवरात्रि से मंदिर परिसर में श्री राम चरित मानस पाठ का शुभारंभ सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच व अन्य पदाधिकारियों द्वारा विधिवत् पूजा अर्चना के साथ किया गया। सभा के प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने कहा कि 26 मार्च दुर्गाष्टमी के दिन इसका हवन एवं भोग डाला जाएगा तथा कंजक पूजन के साथ साथ श्री राम नवमी का पर्व भी मनाया जाएगा।
साथ ही प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ के तत्वाधान से मंदिर परिसर में डॉ. ओम प्रकाश आई इंस्टीट्यूट पठानकोट के सौजन्य से 22 मार्च को आंखों की जांच का निशुल्क कैम्प भी लगाया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगाया जाएगा जिसमें रोगियों की आधुनिक मशीनरी से जांच की जाएगी। इस दौरान रिटायर सी. एम. ओ. पठानकोट क्रिस्चन मेडिकल कॉलेज जालंधर एवं चंबा मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर डॉ. परवेज तनेजा व उनकी टीम निपुणता से जांच करेगी व दवाईयां भी दी जायेगी। प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ के प्रधान ओम प्रकाश कटोच व प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने जानकारी देते हुए इलाका वासियों से अपील की है कि समय पर पहुंच कर इस कैंप का लाभ अवश्य उठाएं, सभा द्वारा डाक्टरों की टीम व रोगियों के लिए लंगर व अन्य आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
