पूरे देश में 15 अगस्त तक खोले जाएंगे 1000 खेलो इंडिया केंद्र
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को संसद में कहा कि अगले साल 15 अगस्त तक पूरे देश में 1000 खेलो इंडिया केंद्र खोले जाएंगे। अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी संसद के चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में दी। उन्होंने लोकसभा में कहा, "देशभर में 15 अगस्त 2023 तक 1000 खेलो इंडिया केंद्र खोले जाएंगे। 1000 केंद्रों में से 733 केंद्रों को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है।" कोच की नियुक्ति के संबंध में खेल मंत्री ने घोषणा की इस साल 21 खेलों के लिए 398 कोच की नियुक्ति की गई है। अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि नेशनल स्पोर्ट्स कोड संशोधन के पॉजिटिव परिणाम मिल रहे हैं. इसकी वजह से खेल संघों में खिलाड़ियों और महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। हाल ही में हुए भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के महासचिव पद पर अर्जुन अवॉर्डी कमलेश मेहता बने हैं। अगर दो वोट हैं, तो उसमें से एक महिला का है। इसके अलावा अगले साल यानी 2023 से खेल संघों के संबंध में शिकायत और सुझाव ऑनलाइन किए जाएंगे।
