कानपुर में पेश आया दर्दनाक सड़क हादसा, 5 लोगों की हुई मौत, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार रात बड़ी घटना घटी है। दरअसल घंटाघर से टाटमिल चौराहे की ओर जा रही एक इलेक्ट्रिक बस बेकाबू हो गई और कई गाड़ियों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। घटना टाट मिल चौराहे के पास रात करीब 11:30 बजे की है। वहीं हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। पूर्वी कानपुर के डीसीपी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और एंबुलेंस भेजी गई। इस दुर्घटना में कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घयल हुए। उन्होंने बताया कि घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि पुलिस बस चला रहे ड्राइवर की तलाश और राहत कार्य में जुटी है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि इस पूरे घटना में बस ड्राइवर से गलती हुई है। फिलहाल पुलिस वहां लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं इस घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ केविंद ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से कहा, 'कानपुर में हुई बस दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर से अत्यंत दुःख हुआ है। इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हू।'
