महाराष्ट्र में फिर लग सकती है कोरोना बंदिशें, मास्क लगाना हो सकता है अनिवार्य
देश में बढ़ते हुए कोरोना के मामलों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्रियों से बातचीत की है। इस बातचीत का उद्देश्य राज्यों में कोविड के नियमों को फिर से लागू करने पर था जिससे कोरोना के बढ़ते मामलों को समय रहते रोका जा सके। प्रधानमंत्री के साथ हुई इस मीटिंग के बाद महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि अगर हम महाराष्ट्र की बात करें तो अभी यहां पर कोरोना के मामले उतने नहीं बढ़ रहे हैं। इसलिए चिंता की बात नहीं है, लेकिन हम सबको समय रहते जरूरी कदम उठाये जाने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री के साथ मीटिंग के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्य के सभी जिलों के जिला अधिकारियों से बात करने वाले हैं। इस बातचीत पर कोरोना की स्थिति और उसके रोकथाम को लेकर कदम उठाने पर बात की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इस बात की संभावना जताई कि महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे मास्क फिर से अनिवार्य करने को लेकर विचार विमर्श कर रहे हैं, लेकिन अभी उस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। आपको बता दें कि देश के कई राज्यों में मास्क अनिवार्य कर दिया गया है साथ ही मास्क ना लगाने वालों पर दंड भी लगाया गया है। इसी को देखते हुए महाराष्ट्र में भी मास्क लगाने को लेकर सरकार जल्द ही निर्णय ले सकती है।
