तमिलनाडु में भारी बारिश से मची तबाही, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
लगातार हो रही बारिश से तमिलनाडु राज्य में अभी तक चार लोगो की मृत्यु का समाचार सामने आया है। राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि, सोमवार को चेन्नई में लगातार बारिश से थोड़ी राहत मिली, लेकिन शहर के कई क्षेत्रों और सड़कों पर पानी अभी भी जमा है। कई मार्गों पर वाहनों को दूसरे रास्तों की ओर मोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपेट और वेल्लोर समेत अन्य उत्तरी जिलों के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार को सुबह से ही हल्की से मध्यम और रूक-रूक कर बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार से शहर और आसपास के इलाकों में और बारिश होने की संभावना जताई है। इस बीच मौसम विभाग ने 14 नवंबर तक नीलगिरी, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी, तेनकासी और तिरुनेलवेली सहित 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को 9 से 12 नवंबर के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। जल-जमाव और सबवे पानी को दूर करने के लिए ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन ने 23,000 कर्मियों को तैनात किया है। स्टालिन ने 15 निगम क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी के लिए 15 आईएएस अधिकारियों को नियुक्त किया है। मौसम विभाग ने कर्नाटक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 13 जिलों में मंगलवार तक भारी बारिश की संभावना है। विभाग के मुताबिक, चक्रवाती दबाव के कारण भारी बारिश होगी।
