महंगाई की मार: कमर्शियल सिलेंडर कि कीमतों में हुई 266 रुपये की बढ़ोतरी
आम जनता महंगाई से पहले ही पेरशान है, तेल की बढ़ती कीमतों के साथ अब कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में भी बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई है। कमर्शियल सिलेंडर के लिए एलपीजी की कीमतों में आज से 266 रुपये की बढ़ोतरी हो गई। दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 2000.50 रुपये होगी। इससे पहले यह कीमत 1734 रुपये थी। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। बता दें कि इससे पहले 1 अक्टूबर को 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1693 रुपये से बढ़कर 1734 रुपये हो गया था। कोलकाता में 1805.50 रुपये, मुंबई में 1685.00 रुपये और चेन्नई में 1867.50 रुपये हो गया था। 6 अक्टूबर को सरकारी तेल कंपनियों ने नॉन-सब्सिडी वाले एलपीजी गैस सिलेंडर के रेट्स में इजाफा किया था। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने पहले ही जनता की जेब पर बोझ डाला है। आवाजाही से लेकर, रोजमर्रा की हर चीज महंगी होती जा रही है।
