कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद समेत इन दिग्गजों को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने पद्म पुरस्कारों से किया सम्मानित
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद समेत कई हस्तियों को साल 2022 के पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं - पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री। इस बार 2 हस्तियों को पद्म विभूषण, आठ को पद्म भूषण और 54 को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत (मरणोपरांत) और गीता प्रेस के दिवंगत अध्यक्ष राधे श्याम (Radhey Shyam) को पद्म विभूषण (Padma Vibhushan) से सम्मानित किया गया। राधे श्याम खेमका को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्म विभूषण (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति कोविंद ने राधे श्याम खेमका के पुत्र कृष्ण कुमार खेमका को उनका पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रपति ने जनरल बिपिन रावत की बेटी कृतिका और तारिणी को उनका पुरस्कार दिया।
वहीं कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, पंजाबी लोक गायक गुरमीत बावा (मरणोपरांत), टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन, पूर्व सीएजी राजीव महर्षि (Rajiv Mehrishi), कोविशील्ड के निर्माता सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया के साइरस पूनावाला (Cyrus Poonawalla) समेत अन्य हस्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। पैरालंपिक रजत पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया को पद्म भूषण जबकि हाकी खिलाड़ी वंदना कटारिया को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।