इस वर्ष 2000 किलोमीटर सड़कों पर टायरिंग करेगा लोक निर्माण विभाग
प्रदेश में इस वर्ष 2 हजार किलोमीटर सड़कों पर लोक निर्माण विभाग द्वारा टायरिंग की जाएगी। सरकार के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने टारिंग का यह लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें अगस्त तक विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों को ठीक किया जाएगा । बता दें की सरकार ने टेंडर करने के भी आदेश भी विभाग को दे दिए है । सरकार ने इस दौरान सभी अधिकारीयों को फील्ड में तैनात रहने के भी निर्देश दिए है व टारिंग में गड़बड़ी पाई जाने पर ठेकेदार और अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी । हिमाचल में इस बार बारिश और बर्फबारी के चलते लोक निर्माण विभाग को 156 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कुल्लू, शिमला, चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में कई सड़कें गड्ढों में तबदील हो गई हैं। पत्थर और मलबा आने से कई सड़कें टूट गई हैं। लोक निर्माण विभाग को लोगों की आवाजाही के लिए संपर्क मार्ग निकालने पड़े हैं। सड़कों से बर्फ हटाने के लिए मशीनरी लगाई गई। इससे भी सड़कों की टारिंग उखड़ी है। हिमाचल में अब मौसम साफ हो गया है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य जिलों के शहरों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से ज्यादा है। यह तापमान टारिंग के लिए उपयुक्त माना जा रहा है।
