जम्मू-कश्मीर में लगातार गिर रहा पारा, श्रीनगर में 1.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन की बीती सबसे सर्द रात
जम्मू-कश्मीर में साफ मौसम के बीच पारा लगातार पारा गिर रहा है। राजधानी श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात बीती। कश्मीर के अधिकांश जिलों में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री नीचे चल रहा है। लेह और कारगिल में भी शरीर जमा देने वाली ठंड पड़ रही है। जम्मू में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री ने नीचे आ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। कश्मीर के लगभग सभी हिस्सों में दिन का तापमान भी 16 डिग्री से नीचे आ गया है। सर्द हवाओं से जनजीवन प्रभावित है। श्रीनगर में दिन का तापमान भी 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 3.7, गुलमर्ग में माइनस 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह न्यूनतम तापमान माइनस 8.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द रहा। यहां दिन का तापमान भी 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
