प्रदेश में दो दिन खराब रहेगा मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत
हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से गर्मी का कहर जारी है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में कल से राहत बरसने की उम्मीद है। लंबे समय के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए वेदर फोरकास्ट के अनुसार आज 14 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा और इसका असर कल 15 जून से प्रदेश में होने के आसार हैं। 15 से 17 जून तक प्रदेश में लाहौल स्पीति को छोड़ बाकी सभी जिलों में 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने और भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि बीते 24 घंटों के दौरान बिलासपुर के बरठीं में तीन मिलीमीटर, भुंतर में 1.8 व सुंदरनगर में 1.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर धूप खिली रही और अधिकतम तापमान में करीब पांच डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। भुंतर में सबसे अधिक पांच डिग्री, धर्मशाला व मनाली में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। जबकि न्यूनतम तापमान में कई स्थानों पर दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। सबसे अधिक शिमला में 4.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और मंडी में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
गर्मी ने किसानों की बढ़ाई चिंता
हिमाचल प्रदेश में सूखे के कारण किसानों-बागवानों की फसलें खेतों में ही झुलस रही है। खेतों में नमी कम होने की वजह से फल- फसल खराब होने की स्थिति में है। सोलन, कुल्लू, अप्पर शिमला, मंडी सहित कांगड़ा में बारिश न होने से अनार, टमाटर-शिमला मिर्च सहित दूसरी सब्जियां सूखे की चपेट में आ गई हैं। तेज धूप से शिमला मिर्च और टमाटर पूरी तरह से मुरझा गए हैं। कुछ दिन पूर्व बारिश हुई है, लेकिन इसकी नमी ज्यादा दिन तक खेतों में नहीं रह पाई।
ताजा हालात के आधार पर 21 जून को हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मानसून पहुंच सकता है और 15 से प्री मानसून की वर्षा होगी। अभी भी गर्म हवाएं और लू चल रही है।
-सुरेंद्र पाल, निदेशक मौसम विभाग