एक बार फिर ओक ओवर से पैदल सचिवालय पहुंचे सीएम सुक्खू, रास्ते में लोगों से की बात
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सुबह के वक्त सरकारी आवास ओकओवर से पैदल ही सचिवालय के लिए निकले। इस दौरान बीच-बीच में मुख्यमंत्री ने रास्ते में पैदल चलते हुए लोगों से बातचीत की। इससे पहले भी मुख्यमंत्री कई बार ओक ओवर से सचिवालय पैदल आते रहे हैं।
सचिवालय में मुख्यमंत्री सुक्खू कुछ देर बाद सभी विभागों के सचिवों की मीटिंग ले रहे हैं। इसमें सरकार की प्रमुख योजनाओं और बजट घोषणाओं की प्रोग्रेस रिव्यू की जा रही है। इसी तरह 2023-24 के बजट भाषण की घोषणाओं का भी मुख्यमंत्री स्टेट अधिकारियों से पूछ रहे हैं और सभी अधिकारियों को योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र 18 सितंबर से शुरू हो रहा है। इसमें विपक्ष सुक्खू सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। लिहाजा सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री केंद्र व राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, प्रदेशभर में आपदा के कारण तबाह हुए इन्फ्रॉस्ट्रक्चर को बहाल करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के सचिवों को मीटिंग में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
दोपहर बाद नादौन जाएंगे सुक्खू
सचिवालय में मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू अपने गृह चुनाव क्षेत्र नादौन जाएंगे। यहां पर मुख्यमंत्री सबल योजना को लांच करेंगे और डाईट हमीरपुर में विशेष बच्चों को विभिन्न उपकरण देंगे। इसके बाद हमीरपुर के सेरा रेस्ट हाउस में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनेंगे और रात को भी यहीं रुकेंगे।
