भाजपा के डबल इंजन मॉडल का एक इंजन 12 नवंबर को हो जाएगा सील: सचिन पायलट
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में आज कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता सचिन पायलट ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस सभा का आयोजन गांधी चौक पर पार्टी प्रत्याशी डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा के समर्थन में किया गया था। सचिन पायलट ने अपने संबोधन के दौरान केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का एक इंजन जल्द ही हिमाचल में फेल होने वाला है। पायलट ने कहा है कि 12 नवंबर को डबल इंजन सरकार का एक इंजन हिमाचल सीज हो जाएगा। इस सरकार ने 5 साल में कुछ नहीं किया। OPS की मांग पर कर्मचारियों को यह सरकार कुछ नहीं दे पाई। अब धन-बल के जोर पर हिमाचल में चुनावी माहौल बनाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाने पर इसकी नजर है।
सचिन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब तेजी से हिमाचल में अपने चुनाव प्रचार में आगे निकल रही है। हिमाचल में परिवर्तन की लहर साफ दिख रही है। लोग भाजपा के झूठे वादों में आने वाले नहीं हैं। सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने जो भी वायदे जनता से किए हैं उन्हें पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती कुछ और है और करती कुछ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल में बार-बार वोट मांगने के लिए आ रहे हैं, लेकिन यहां महंगाई आसमान छू रही है। पेपर लीक हुए और बेरोजगारी बढ़ती चली गई। एक भी भाजपा नेता महंगाई कम करने की बात नहीं कर रहा है।
सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए कि कितने लोगों को रोजगार दिया गया है। उन्होंने कहा सत्ता वापसी के बाद कांग्रेस प्रदेश की दिशा और दशा बदलेगी। महंगाई-बेरोजगारी से राहत दिलाई जाएगी। कर्मचारियों की OPS की मांग पूरी की जाएगी, क्योंकि जिन प्रदेशों में कांग्रेस की सरकार है, वहां भी पुरानी पेंशन दी जा रही है।