शिमला : गेस्ट टीचर भर्ती पर पूर्णतय: रोक लगाए प्रदेश सरकार
** बजट सत्र के 9वें दिन प्रशिक्षित बेरोजगार अध्यापक संघ ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
** चौड़ा मैदान में किया धरना-प्रदर्शन, कहा- प्रदेश में आरएंडपी रूल्स के तहत हों सभी भर्तियां
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 9वें दिन बेरोजगार प्रशिक्षित अध्यापक संघ ने मांगों को लेकर चौड़ा मैदान में धरना-प्रदर्शन किया। प्रशिक्षित बेरोजगार अध्यापकों ने गेस्ट टीचर भर्ती का विरोध किया है और इसे पूरी तरह बंद करने की मांग की।
संघ के अध्यक्ष घनश्याम ने कहा कि गेस्ट टीचर भर्ती पर पूर्णतय: रोक लगाई जानी चाहिए और राज्य चयन आयोग के माध्यम से भर्तियां की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी भर्तियां आरएंडपी रूल्स के अनुसार ही होनी चाहिए।
घनश्याम ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से राज्य चयन आयोग बंद पड़ा है। इसे जल्द शुरू कर इसके माध्यम से सभी भर्तियां करवाई जानी चाहिए। लंबित भर्तियों के रिजल्ट जल्द घोषित किए जाने चाहिए, तभी नई भर्तियों हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती, वे संघर्ष जारी रखेंगे।