शिमला: नशा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, रोहड़ू में तीन आरोपी गिरफ्तार
शिमला जिला के रोहड़ू क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई FIR नंबर 5/26, दिनांक 2 फरवरी 2026 के तहत की गई है। गौरतलब है कि 2 फरवरी को रोहड़ू पुलिस ने मेहंदली पुल (रोहड़ू) के पास पंजाब के दो युवकों जशनदीप सिंह और धर्मप्रीत सिंह—को 83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया था।
प्रारंभिक गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच टीम ने नशे की सप्लाई चैन का पता लगाने के लिए आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान सामने आया कि इस अवैध कारोबार में कुछ अन्य लोग भी संलिप्त हैं। इसी कड़ी में थाना रोहड़ू पुलिस ने 10 फरवरी 2026 को तीन और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष चौहान (24 वर्ष), निवासी खशधार चिड़गांव, नवीन शिट्टा (31 वर्ष) निवासी गोक्सवारी चिड़गांव, दीवान चंद (39 वर्ष) निवासी सुंधा, चिड़गांव शामिल है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
