शिमला : रमन नेपटा की बड़ी उपलब्धि, कंपनी कमांडर के रूप में देंगे सेवाएं

उपमंडल जुब्बल के छोटे से गांव नकराड़ी से संबंध रखने वाले रमन नेपटा ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन किया है। गृह रक्षा विभाग में बतौर कांस्टेबल 2015 में भर्ती हुए रमन अब पदोन्नत होकर प्रदेश के सबसे कम उम्र के कंपनी कमांडर बने हैं। शिमला स्थित द्वितीय बटालियन के कमांडेंट आर. पी. नेपटा ने उन्हें कंपनी कमांडर का रैंक चिन्ह लगाकर सम्मानित किया। रमन ने अपनी लगन और कर्तव्यनिष्ठा से 2022 में डी. जी. होमगार्ड सम्मान भी प्राप्त किया था। इसके अलावा 2023 में नागपुर से उन्होंने सिविल डिफेंस इंस्ट्रक्टर का विशेष कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया। रमन नेपटा ने कहा कि वह विभाग की जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाते हुए समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।