जसवां-परागपुर : हस्ताक्षर अभियान से जनता को कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से करवाएंगे अवगत-बिक्रम ठाकुर
विनायक ठाकुर। जसवां-परागपुर
जसवां-परागपुर विधानसभा के तहत गंगोट पंचायत में पूर्व उद्योग मंत्री एवं विधायक विक्रम सिंह ठाकुर ने सीमेंट कंपनी और ट्रक ऑपरेटरों के बीच किराया विवाद को सुलझाने का स्वागत किया, परंतु साथ ही तंज कसते हुए कहा कि 65 दिन बाद इस मसले का समाधान किया गया, जिससे बहुत लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गंगोट पंचायत में सोमवार को जसवां-प्रागपुर मंडल कार्यसमिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सुबह के समय केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी शामिल हुए और उन्होंने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। अनुराग ठाकुर के जाने के बाद पूर्व उद्योग एवं परिवहन मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए टिप्स दिए। इसके अलावा उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ऐसी जानकारी मिल रही है कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा ट्रक यूनियनों से सीमेंट कंपनियों से चल रहे विवाद को सुलझा लिया है।
इस पर उन्होंने कहा कि वह सीमेंट विवाद सुलझाने के फैसले का स्वागत करते हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है। क्योंकि पिछले लोकसभा चुनावों में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा के प्रत्याशी अनुराग सिंह ठाकुर को सबसे अधिक लीड मिली थी। इसलिए कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए जुट जाने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र से डिनोटिफाई किए गए संस्थानों को दोबारा खुलवाने के लिए वह कोर्ट में गए हैं, पूरी उम्मीद है कि कोर्ट से राहत मिलेगी वहीं बिक्रम ठाकुर ने चुनावों के दौरान समाजसेवा का ढोंग रच रहे समाजसेवियों पर भी तीखा वार किया है। उन्होंने कहा कि यह समाजसेवी केसी समाजसेवा कर रहे थे, यह अब जगजाहिर है चुनावों के दोरान बड़े-बड़े वादे इन्होंने जनता से किए, परंतु चुनावों में मिली करारी हार के बाद से ही सब गायब हैं।
