सोलन : यूरोकिड्स प्लेस्कूल कोटानाला में दीपावली के उपलक्ष्य में दीया सजावट प्रतियोगिता आयोजित
यूरोकिड्स प्लेस्कूल कोटानाला में भारतीय संस्कृति के महत्वपूर्ण त्योहार दीपावली के उपलक्ष्य में दीया सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के तहत बच्चे अपने अभिभावकों के सहयोग से घर पर सजाए गए सुंदर एवं आकर्षक दीये स्कूल लेकर पहुंचे। वहीं, कुछ बच्चों ने स्कूल में ही अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाते हुए दीयों को सजाया।
इस अवसर पर बच्चों को दीपावली के महत्व और भारतीय संस्कृति में दीयों की परंपरा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि दीपावली रोशनी, खुशियों और सकारात्मकता का त्योहार है तथा इस पर्व में दीयों का विशेष महत्व है।
स्कूल की ओर से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रदूषण रहित दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसी उद्देश्य से स्कूल में दीपावली उत्सव के दौरान पटाखों का प्रयोग नहीं किया गया और बच्चों को सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिता में सुयश, मिताक्षी, वर्तिका, नम्या, युगांक, पार्थ, गौरिक, शिवाय, पूर्विषा और गुरमीत ने विजेता स्थान प्राप्त किया। स्कूल प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी बच्चों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
