क्षेत्र में ग्रामीण प्यासे, सड़कों पर बह रहा हजारों लीटर पीने का पानी
कुनिहार क्षेत्र के कई गांव में लोगो को पेय जल उपलब्ध नहीं हो रहा है। जलशक्ति विभाग की कई जगह पानी की पाईप लीकेज के कारण हजारों लीटर पानी सड़को पर व्यर्थ बह रहा है। पुराने बस अड्डे पर ही कई दिनों से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है जिससे पैदल चलने वालों व व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं हाटकोट पंचायत के कुछ वार्डों व कोठी पंचायत के सहबार, हरिपुर, नमोल, मुकराड़ी सहित कई गांवों में पेय जल आपूर्ति नहीं हो रही है जिस कारण लोगों में विभाग के प्रति रोष व्याप्त है।
गौर रहे क़ि कुनिहार क्षेत्र में 1962 में बनी प्रदेश की सबसे बड़ी जाबलु उठाऊ पेय जल योजना से क्षेत्र की तीनों पंचायतों कोठी, हाटकोट व् कुनिहार को विभाग द्वारा पानी की आपूर्ति की जाती है लेकिन 1962 में दबी पेयजल योजना की पाइपें आज जंग खा चुकी है व विभाग ने पुराने बस स्टैंड से हाटकोट व कोठी पंचायत के लिए नई पाइप लाइन बिछा दी है, परन्तु फिर भी पानी की कमी होना विभाग के लिए चुनोती ही है। पानी लोगो के घरों तक न पँहुच कर विभाग की लापरवाही के कारण सड़को पर ही बहता रहता है।
शांता कुमार, किशन कुमार, सन्तराम, सुखराम, विनोद कुमार, जीतराम, मनसाराम, विजय कुमार, बलबीर, राम चन्द आदि का कहना है विभाग के अधिकतर कर्मचारियों का पुराने बस अड्डे से ही आना जाना है लेकिन सभी इसकी अनदेखी कर यंहा से गुजर जाते हैं। लोगों ने मांग की है कि लीकेज हो रही पाइपो को विभाग जल्द दरुस्त करवा कर लोगो की इस समस्या को जल्द हल करें।
वहीं इस विषय पर कुनिहार अनुभाग के कनिष्ठ अभियंता विवेक चंदेल ने बताया कि रविवार को पुराना बस स्टैंड पर मेन लाइन टूट गई थी इसी कारण दो दिन से पेय जल आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पाई थी आज मेंन लाइन की मुरम्मत करवा कर पेय जल आपूर्ति बहाल कर दी है।
