ऊना : डेरा बाबा रुद्रानंद और प्राचीन महादेव मंदिर पहुंचे अनुराग
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भाजपा के 30 मई से 30 जून तक चल रहे जनसंपर्क से जनसमर्थन अभियान के तहत सोमवार को जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम और प्राचीन महादेव मंदिर कोटला कलां भी पहुंचे। डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम में केंद्रीय मंत्री ने स्वामी शिवानंद महाराज से मुलाकात की इसके अतिरिक्त उन्होंने श्रद्धालुओं से भी संवाद स्थापित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त अनुराग ठाकुर ने कोटला कला के प्राचीन महादेव मंदिर पहुंचकर आश्रम अधिष्ठाता स्वामी मंगलानंद महाराज से भी आशीर्वाद लिया और पार्टी के इस अभियान को लेकर चर्चा की। इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार पर संत समाज का सदैव आशीर्वाद रहा है और इसी आशीर्वाद के बलबूते सरकार ने देश को आगे ले जाने के लिए ना केवल अहम फैसले लिए अपितु उनको सिद्ध भी किया है। उन्होंने भाजपा के इस अभियान के तहत वर्ष 2024 के चुनाव को लेकर संत समाज से समर्थन भी मांगा।
