ऊना: वीर बाल दिवस पर सतपाल सत्ती के नेतृत्व में गुरुद्वारा शहीद सिंघा तक निकला नगर कीर्तन
-भाई भूपेंद्र सिंह व साथियों ने शब्द कीर्तन से दी श्रद्धांजलि
-बाबा अमरजोत बेदी, बाबा प्रितपाल सिंह व संगत हुई नतमस्तक
ऊना में आज चार साहिबजादों के शहीदी दिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया गया। ऊना मुख्यालय पर सदर के विधायक सतपाल सत्ती के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ऊना के कार्यकर्ता विश्राम गृह ऊना में एकत्रित हुए। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने सतनाम वाहेगुरु, बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयकारे लगाते हुए विश्रामगृह, डीसी ऑफिस, रोटरी चौक, बस स्टैंड ऊना से होते हुए गुरुद्वारा शहीद सिंघा तक नगर कीर्तन निकाला। कार्यकर्ताओं ने सिर ढके हुए थे और हाथों में साहिबजादों की शहादत को याद करते हुए तख्तियां पकड़ी हुई थी। गुरुद्वारा शहीद सिंघा में सभी ने नतमस्तक होकर माथा टेका।
जहां कीर्तनीय जथे भाई भूपेंद्र सिंह व उनके साथियों ने गुरुद्वारा शहीद सिंघा में साहिबजादों की शहादत से जुड़े शब्द सुंदर ढंग से प्रस्तुत करते हुए संगत को भाव विभोर कर दिया। इस दौरान भाई भूपेंद्र सिंह ने संगत को शहादत की कथा भी सुनाई, वहीं गुरुद्वारा शहीद सिंघा के इतिहास के बारे में भी जानकारी दी। देह शिबा वर मोहे शुभ कर्मन से कब हु न ड्ररू,सरसा नदी ते बिछोड़ा पे गया ,कोई बोले राम राम .... शब्द का विचारन किया। अरदास करने के बाद सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी । इस अवसर पर गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा अमरजोत सिंह बेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं गुरुद्वारा शहीद सिंघा के गद्दी नशीन बाबा प्रितपाल सिंह उपस्थित रहे।
सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि साहिबजादों की शहादत धर्म की रक्षा के लिए हुई, पूरा विश्व इस शहादत को सदैव याद रखेगा। उन्होंने कहा कि यह शहादत कभी भुलाई नहीं जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष रूप से 26 दिसंबर को बाल दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया है जो इन साहिब जादों की शहादत के प्रति हमारी श्रद्धांजलि है। उन्होंने संगत का भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉक्टर रामपाल सैनी, जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया, मंडल महामंत्री अशोक धीमान वा महिंद्र छिब्बर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अनु ठाकुर, मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना वासुदेवा, पूर्व जिला अध्यक्ष बलवीर बग्गा, बलवंत ठाकुर,विनोद पूरी, विजय शर्मा, कैप्टन चरण दास सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।