धुन्दन स्कूल में मनाया गया मतदाता दिवस व पूर्ण राज्यत्व दिवस
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्दन की एनएसएस इकाई ने 50वाँ स्वर्णमयी पूर्ण राज्यत्व और मतदाता दिवस मनाया। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने संपूर्ण देशवासियों को पूर्ण राज्यत्व दिवस व मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दी।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू ने बताया कि आज धुन्दन विद्यालय के एनएसएस वॉलिंटियर्स आशीष और चेतना राजधानी शिमला में रिज के मैदान पर महामहिम राज्यपाल को सलामी देंगे। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी का दिन हम देशवासियों के लिए बहुत ही अहम है। देव भूमि हिमाचल इस दिन भारत का 18वां राज्य बना व आदर्श राज्य की श्रेणी में गिना जाता है। स्वयंसेवी यशस्वी, सागर, चेतन, मोक्ष और शिवा ने चित्रकला के माध्यम से अपने भावों को व्यक्त किया। स्वयं मोक्ष ने टैंकर व बन्दूक के मॉडल बनाए और और देश सेवा करने के लिए आर्मी में जाने के इच्छुक हैं। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया भारतीय निर्वाचन आयोग का गठन इसी दिन हुआ इसलिए आज मतदाता दिवस के रूप में भी इस दिन को जाना जाता है। इस दिवस का उद्देश्य पूरे देश में मतदाताओं की संख्या बढ़ाने, वोट के महत्व को पहचाने और चुनावी प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी बनाना है। हाल में हुए त्रिस्तरीय पंचायती चुनावों में स्वयंसेवी दिशांत, मनीष, गिरिराज, गीतांजलि, यशस्वी और तमन्ना ने बढ़-चढ़कर जागरूकता फैलाई। 17 जनवरी को मतदान के लिए अपने नजदीकी स्थल में लोगों का पूरा दिन सहयोग किया। कोविड-19 के चलते मतदान स्थल पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मतदान करवाने में सहायता करवाई।
