यूपी: पीएम मोदी और सीएम योगी के गढ़ से चुनाव प्रचार करेंगी प्रियंका गांधी
नई दिल्ली: प्रियंका इस बार खुद पूरे कैंपेन को लीड करेंगी। प्रियंका गांधी ने इस बार योगी और मोदी के इलाक़े से चुनावी अभियान शुरू करने की पूरी तैयारी की है। पहले वे पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रैली करेंगी फिर सीएम योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर में चुनावी सभा करने का उनका इरादा है। प्रियंका का फ़ार्मूला है दोनों को उनके गढ़ से चुनौती देने का। वह जानती है यूपी में कांग्रेस को ज़िंदा करना किसी चमत्कार से कम नहीं है। परन्तु राजनीति में चमत्कार होते रहे हैं। प्रियंका ये मैसेज देना चाहती हैं कि मोदी और योगी से कोई लड़ सकता है तो वो कांग्रेस ही है। इस बार कांग्रेस अकेले अपने बूते चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। प्रियंका कांग्रेस महासचिव हैं और यूपी की प्रभारी भी है। इसीलिए इस चुनाव में उनकी अपनी राजनैतिक प्रतिष्ठा भी दांव पर है। लगातार चार दिनों तक प्रियंका गांधी लखनऊ में रहीं। इस दौरान लगातार बैठकें करती रहीं। इलेक्शन कमेटी, स्क्रीनिंग कमेटी से लेकर सोशल मीडिया में काम कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की मीटिंग में वे शामिल हुईं। यूपी चुनाव के लिए प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की रणनीति अपने हिसाब से बनाई है। बीजेपी और संघ परिवार के ख़िलाफ़ वे आक्रामक तरीक़े से लड़ना चाहती हैं। इसीलिए उन्होंने चुनाव प्रचार का गणेश वाराणसी से करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को रैली को कामयाब बनाने के लिए जुट जाने को कहा है। राज्य भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वाराणसी पहुंचाने को कहा गया है। तैयारी इस तरह से करने को कहा गया है कि प्रियंका की इस रैली से यूपी का चुनावी माहौल बदल जाए।
