लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की हिमाचल चुनाव समिति गठित
- प्रतिभा सिंह अध्यक्ष, कमेटी में सीएम सुक्खू भी शामिल
- मंत्री पद न मिलने से नाराज चल रहे सुधीर व राणा भी मेंबर
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए हिमाचल प्रदेश में इलेक्शन कमेटी गठित कर दी है। 20 सदस्यों वाली इस कमेटी की अगुआई प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह करेंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी उनकी अध्यक्षता में कमेटी में काम करेंगे। कमेटी में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, मंत्री पद न मिलने से नाराज चल रहे विधायक सुधीर शर्मा व राजेंद्र राणा सहित 20 सदस्य हैं।
कमेटी में विप्लव ठाकुर, आशा कुमारी, ठाकुर कौल सिंह, रामलाल ठाकुर, कुलदीप कुमार, कुलदीप राठौर, जगत सिंह नेगी, चंद्र कुमार, कर्नल धनीराम शांडिल, विनय कुमार को शामिल किया गया है। इनके अलावा प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, एनएसयूआई अध्यक्ष, सेवा दल अध्यक्ष और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष को भी सदस्य बनाया गया है।