ज्वालामुखी: क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था अति आवश्यक : संजय रत्न
-सिहोरपाई स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि की शिरकत
-स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया पुरस्कृत
विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए शिक्षा व्यवस्था का बेहतर होना अति आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र ज्वालामुखी की शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। यह बात उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहोरपाई के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन के साथ बहु आयामी गतिविधियों में भाग लेने के लिए आह्वान किया। विधायक ने विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए अपनी विधायक निधि से 11 हजार की धनराशि देने की भी घोषणा की।
वहीं, स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों व सांस्कृतिक गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकतर का मौके पर ही समाधान किया। उन्होंने खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कार वितरित किए।
उपमंडल पुलिस अधिकारी ज्वालाजी विकास धीमान, तहसील कल्याण अधिकारी आदर्श शर्मा , बी डी ओ देहरा कुलदीप शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अरुण वशिष्ठ, नगर परिषद ज्वालाजी के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, जिला परिषद सदस्य सीमा देवी, स्कूल के अध्यापक विद्यार्थी सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
