धर्मशाला : रेड क्रॉस का सेवाभाव सबके लिए अनुकरणीय : पठानिया
विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी कांगड़ा ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लपियाणा में नि:शुल्क एकीकृत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। लपियाणा के वन विश्राम गृह में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने किया। जिला रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल इस मौके विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा कांगड़ा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में करीब 600 लाभार्थियों ने विभिन्न सुविधाओं का लाभ लिया।
इस अवसर पर शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने सभी को विश्व रेडक्रॉस दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रेड क्रॉस का सेवाभाव सबके लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस पूरे विश्व में पीडि़त मानवता की सेवा व सहायता की प्रतीक है। उन्होंने रेड क्रॉस के अधिक से अधिक नए सदस्य बनाने एवं ज़मीनी स्तर पर लोगों को सोसायटी की गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में भी प्रभावी प्रयास करने का आग्रह किया।
पठानिया ने कहा कि लपियाणा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। आने वाले समय में यहां एम्बुलेंस 108 की सेवा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा यहां सब सेन्टर तथा आंगनबाड़ी भवनों की हालत को भी सुधारा जाएगा । इससे पहले विधायक ने पीएचसी लपियाणा में 5.50 लाख रुपये से स्थापित डेंटल चेयर एवं एक्स-रे सुविधा का लोकार्पण किया ।
