विधानसभा शीतकालीन सत्र : प्रदेश सरकार ने केंद्र को 9905 करोड़ का मेमोरेंडम ऑफ लॉस दिया, मिले सिर्फ 398 करोड़ : मुख्यमंत्री

-भाजपा ने हिमाचल प्रदेश को क्या दिया, जनता सब जानती
जिला कांगड़ा के धर्मशाला में चल रहे हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन हाउस में हिमाचल में आई आपदा को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 633 करोड़ रुपये आने की बात की जा रही है। 'मैं बता दूं कि प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र सरकार को 9905 करोड़ का मेमोरेंडम ऑफ लॉस दिया गया। केंद्रीय नियमों के अनुसार कम से कम 1605 करोड़ रुपये मिलने चाहिए थे। इसमें से भी 216 करोड़ रुपये पहले से ही दिए गए थे। अब तक 398 करोड़ रुपये की धनराशि ही केंद्र से आई है। यह कुल नुकसान का 6.40 प्रतिशत ही है।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश को क्या दिया, जनता सब जानती है। केंद्र से विशेष पैकेज की उम्मीद नहीं की जा सकती है। सीएम सुक्खू ने कहा कि सांसद दिल्ली जाते हैं तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलने से घबराते हैं। मैं इस महीने के अंतिम सप्ताह प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मिलने जाऊंगा। वहां हिमाचल के हितों की बात को फिर से उठाया जाएगा। सुक्खू ने कहा कि अगर अभी भी भाजपा विधायक चाहें तो उनके साथ दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मिल सकते हैं। हिमाचल के लोगों को आपदा से जो नुकसान हुआ है, एक-एक पाई करके उनके लिए मदद दी जाएगी।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर केंद्र से जारी राशि को देखें तो हिमाचल के लिए सबसे बड़ी है। केंद्र ने यह नहीं कहा कि आगे मदद नहीं मिलेगी। अपनी बात को केंद्र से ठीक तरह से रखें। ताली दोनों हाथ से बजती है। विकसित भारत यात्रा शुरू की गई है, जिससे भारत आने वाले समय में विकसित राज्यों में आएगा।
ये बदले की भावना से काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं को बंद कर रहे हैं। केंद्र से मदद आने के बावजूद कुछ नहीं किया। ऐसा कहना सही नहीं है। आगे लोकसभा चुनाव है। उसके लिए यह ऐसा कर रहे हैं। ये भाजपा सरकार पर कर्ज लेने का आरोप लगाते थे। अब ये 12 हजार करोड़ का कर्ज ले चुके हैं।
इसके जवाब में सीएम सुक्खू ने कहा कि अभी 340 करोड़ रुपये ही आए हैं। आप दिल्ली चलिए। आप जो टाइम निकालेंगे, मैं उसी वक्त आने को तैयार हूं। पेन निकालिए और टाइम दीजिए। हमने 2023-24 में कोई 12 हजार करोड़ का कर्ज नहीं लिया है।