देहरा के भाजपा नेता खो-खो खेलते खो गए : होशियार सिंह

विधायक होशियार सिंह द्वारा हरिपुर में जन आशीर्वाद समारोह का आयोजन बड़े ही धूमधाम के साथ किया गया, जिसमें क्षेत्र के करीब 2500 लोगों ने भाग लिया। सर्वप्रथम हरिपुर बाजार से होते हुए एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। विधायक होशियार सिंह ने देहरा से उन्हें विजयी बनाने के लिए जनता का धन्यवाद किया। इस दौरान उन्होंने जमकर सियासी बाण छोड़े। उन्होंने भाजपा नेता रमेश धवाला एवं रविंद्र रवि की तुलना खो-खो गेम से कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के ये दोनों नेता खो-खो खेलते खो गए। दोनों नेताओं को इन चुनावों में जनता ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। विधायक केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर पर भी बरसे।
विधायक ने बहुचर्चित मुद्दे नंदनाला पुल का भी जिक्र किया। कहा कि अब कार्य रुकवाने के लिए रेलवे वालों को फोन आना शुरू हो गए हैं। रानीताल में एक नेता आया और वहां किसी ने उन्हें बोला कि काम जोरों-शोरों से शुरू हो गया है। लेकिन कुछ नेताओं द्वारा उक्त काम को रुकवाने लिए प्रेशर बनाना शुरू कर दिया गया है, ताकि कहीं इस काम का क्रेडिट होशियार सिंह को न मिल जाए। विधायक ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव भी आ रहे हैं। उक्त नेता काम रोकने का फैसला सोच समझ कर लें।