धर्मशाला: गोकुल बुटेल ने प्रदेश की पहली इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लैब का किया उद्घाटन
-धर्मशाला में मेहर चंद महाजन की 134वीं जयंती कार्यक्रम में लिया भाग
-मेहर चंद महाजन ट्रस्ट ने एमसीएम सीआईआई आईटीआई में शुरू किया ईवी बैटरी लैब
धर्मशाला में आज देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एवं जम्मू कश्मीर के पहले प्रधानमंत्री मेहर चंद महाजन की 134वीं जयंती का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रधान सलाहकार (नवीनीकरण, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेस) गोकुल बुटेल ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। गोकुल बुटेल ने डॉ. मेहर चंद महाजन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सीआईआई के सहयोग से ट्रस्ट द्वारा संचालित पहली इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन लैब का उद्घाटन भी किया। उन्होंने बताया कि यह हिमाचल प्रदेश का पहला संस्थान है, जिसमें इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग लैब स्थापित किया गया है, जिसमें युवाओं को इलेक्ट्रिक व्हीकल बैटरी एवं चार्जिंग स्टेशन टेक्नीशियन के कोर्स प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस ट्रस्ट ने डॉ. मेहर चंद महाजन की स्मृति में युवाओं के लिए 10 कोर्स शुरू किए हैं, जो छात्रों के भविष्य को सजाने का महत्वपूर्ण कार्य है। गोकुल बुटेल ने बताया की हिमाचल सरकार ने आयल इंडिया लिमिटेड के साथ 500 ईवी चार्जिंग स्टेशन्स के लिए समझौता किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में सबसे मजबूत सरकार कार्यशील है और मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता से प्रदेश को आत्मनिर्भरता की ले जाने के लिये ऐतिहासिक निर्णय लिये जा रहे हैं।
