धर्मशाला: सरकार के पास 23 करोड़, गले की फांस बनी गारंटियों ने उलझाई सरकार : विश्व चक्षु
- झूठी गारंटियों के बाद अब आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने का थमा रहे लॉलीपोप
भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के मीडिया को-ऑर्डिनेटर विश्व चक्षु ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के पास मात्र 23 करोड़ ही शेष बचे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की झूठी गांरटियां अब उनके गले की फांस बन चुकी हैं और राज्य के कल्याण में लगाए जाने वाली ऊर्जा को अपनी साख बचाए जाने के लिए प्रयोग में लाया जा रहा है।
झूठी गांरटियों के बाद अब प्रदेश की जनता को आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने का लॉलीपोप थमाया जा रहा है, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पास न ही कोई उचित नीति है और न ही कार्य करने की नियती। उन्हें बस जनता को गुमराह करने आता है। इसके साथ ही विश्व चक्षु ने प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से शराबी व हुड़दंग मचाने वाले पर्यटकों को लेकर कही बात पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से धड़ाम हो रही है, ऐसे में उन्हें उचित व्यवस्था बनाने के निर्देश देने चाहिए, न कि उसे बिगाड़ने को कहना चाहिए। चक्षु ने कहा कि शांत देवभूमि हिमाचल को आखिर सीएम सुक्खू किस दिशा की ओर ले जाना चाह रहे हैं।
