बाबा नाहर सिंह मंदिर में शारदोत्सव धूमधाम से आरंभ

बिलासपुर का प्रसिद्ध शारदोत्सव रविवार को बाबा नाहर सिंह मंदिर में धूमधाम से आरंभ हो गया। दुर्गा पूजा के शुभारंभ पर मुख्य यजमान की भूमिका उद्योगपति राजेंद्र कुमार शर्मा उर्फ जेपी ने अपनी पत्नी सुषमा शर्मा सहित निभाई। उनकी अगुवाई में शंख व घंटियों की मधुर ध्वनि के बीच सैंकड़ों महिला व पुरुष भक्तजनों द्वारा नंगे पैर गोविंद सागर तक की पद यात्रा कर फिर वहां से बोट के माध्यम से गोविन्द सागर के बिल्कुल मध्य जाकर पूजा पाठ किया गया। वहीं से जल कलश भरकर उन्हें मां दुर्गा के समक्ष स्थापित किया। शिमला से आए पुजारी सुधांशु भट्टाचार्य ने मां की विधिवत रूप से पूजा करवाई। इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के पिता रांची विश्वविद्यालय के पूर्व उपकुलपति डॉ. एन.एल. नड्डा ने भी विशेष रूप से भाग लिया। इस अवसर पर दीपक शर्मा, मोहित शर्मा, मोहित सांख्यायन, बालमुकुंद शर्मा, आशीष शर्मा, अश्विनी शर्मा, प्रमोद बिट्टू, संतोष जोशी, कविता शर्मा, सुभद्रा नड्डा, अधिवक्ता चमन ठाकुर, पार्षद नरेंद्र पंडित, पूर्व पार्षद निर्मला राणा, भुवनेश्वरी लुंबा, संतोष भारद्वाज, अंजू राणा व सूर्या नेगी सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे। शारदोत्सव में रविवार को हुई मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्रा पाठशाला की चांदनी ने प्रथम, दयानंद स्कूल की कंचन ने द्वितीय, कन्या पाठशाला बिलासपुर की राविया तथा इसी स्कूल की ममता ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। मेहंदी प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल अशोक लता वर्मा व प्रेमलता रहीं। विजेताओं को रांची विश्वविद्यालय के पूर्व उपकुलपति डॉ. एन.एल. नड्डा व दुर्गा पूजा समिति की संस्थापिका एवं विशेष ओलंपिक भारत की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा डॉ. मल्लिका नड्डा ने ट्रॉफी व उपहार प्रदान कर पुरस्कृत किया। वहीं 30 सितंबर से 2 अक्तूबर तक प्रतिदिन 9 बजे पूजा व आरती तथा सायं 7 बजे भी आरती होगी। 30 सितंबर को सांस्कृतिक प्रतियोगितओं में सुबह 11 बजे रंगोली प्रतियोगिता होगी। इस रंगोली प्रतियोगिता में एक ग्रुप में दो ही प्रतिभागी मान्य होंगे। वहीं रात्रि साढ़े 7 बजे कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों की भारतीय/धार्मिक वेशभूषा होगी।