द्वितीय नवरात्रे पर हुआ माँ दुर्गा के शारदा रूप का पूजन

बिलासपुर के धौलरा मंदिर में चल रहे शारदोत्सव यानी दुर्गा पूजा उत्सव में सोमवार को द्वितीय नवरात्रे पर प्रात: 7 बजे से 9 बजे तक मां दुर्गा का पूजन हुआ। वहीं संध्या के समय मां दुर्गा के शारदा रूप का बोधन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें सैंकड़ों की सख्या में भक्तजनों ने भाग लिया। दूसरे नवरात्रे को मां दुर्गा के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा की जाती है। इस पूजा को शिमला से आए पंडित सुधांशु भट्टाचार्य ने विधिवत रूप से संपन्न करवाया। इस अवसर पर विशेष ओलंपिक भारत की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा डा. मल्लिका नड्डा, समिति के सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक राम लाल पुंडीर, मोहित सां यान, दीपक शर्मा, राम पाल, जस्सी, अश्विनी शर्मा, प्रमोद बिट्टू, सुभद्रा नड्डा, राजेंद्र, संतोष जोशी, पूर्व पार्षद निर्मला राणा सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
शारदोत्सव के दूसरे दिन रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इस रंगोली प्रतियोगिता धौलरा पब्लिक स्कूल की कृष्टि ने प्रथम, कहलूर पब्लिक स्कूल कोठीपुरा के अंश व शाहिद की जोड़ी ने द्वितीय, इसी स्कूल के धु्रव व सचिन तथा धौलरा पब्लिक स्कूल की मायशा व रूबीना की जोड़ी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। इस रंगोली प्रतियोगिता में सेवानिवृत्त जिला भाषा अधिकारी अनीता शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया। इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अमिता, लतिका, अनीता व प्रवीण शामिल रहे। वहीं 1 अक्तूबर को शारदोत्सव में सुबह 9 बजे मां दुर्गा की पूजा व आरती होगी तथा सायं साढ़े 7 बजे कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की देशभक्ति/धार्मिक समूहगान प्रतियोगिता होगी।