जेपी नड्डा के तीन दिवसीय दौरे को लेकर भाजपा पूरी तरह तैयार : रणधीर शर्मा

केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यभार संभालने के बाद हिमाचल के पहले दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित है और प्रदेश भाजपा ने उनके तीन दिवसीय दौरे की तैयारी पूरी कर ली है। बिलासपुर में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह हिमाचल के लिए गर्व की बात है। बिलासपुर का सौभाग्य है कि जगत प्रकाश नड्डा अपना पहला हिमाचल दौरा बिलासपुर से आरंभ कर रहे है। उन्होंने बताया कि दिल्ली से हेलीकॉप्टर के माध्यम से वह आनंदपुर साहब पहुंचेंगे। जहां पर पंजाब और हिमाचल के विभिन्न पार्टी पदाधिकारी एवं सरकार में शामिल मंत्री उनका स्वागत करेंगे। उसके बाद केसगढ़ गुरुद्वारे में शीश नवाने के बाद जगत प्रकाश नड्डा नैना देवी के दर्शन करने जाएंगे। नैना देवी में माथा टेकने के बाद जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर के लुहनु मैदान में भाजपा द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में भाग लेंगे जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत हिमाचल भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी बिलासपुर में आयोजित की गई है। इसमें भी केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को नडडा दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे तथा विसर्जन यात्रा में भी भाग लेंगे। रणधीर शर्मा ने कहा कि 9 तारीख को वह मंडी और कुल्लू के दौरे पर रवाना हो जाएंगे । इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर तथा हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उनके साथ रहेंगे।