जगत प्रकाश नड्डा बने राजनीतिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
जगत प्रकाश नड्डा आज राजनीतिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। जगत प्रकाश नड्डा ने आज भाजपा मुख्यालय दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनावों के लिए नामांकन भरा। हिमाचल से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं समस्त मंत्रिमंडल और हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल एवं प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिमाचल से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता
हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता बहुत जोश और नड्डा की प्रशंसा में नारे लगाते हुए दिल्ली मुख्यालय पहुंचे। वहीं हिमाचल प्रदेश के सभी मंडलों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के अंतर्गत पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी राधा मोहन सिंह ने जे पी नड्डा को वर्ष 2019-22 के लिए निर्विरोध भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया।
बिंदल ने कहा ये हिमाचल के लिए है गर्व की बात
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि आज का दिन हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे प्रदेश के लिए गौरव का दिन है। जगत प्रकाश नड्डा का भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का विषय गौरव का है। उन्होंने कहा नड्डा की मेहनत, लगन और निष्ठा का यह परिणाम है कि वह आज इन ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा हिमाचल प्रदेश से सभी मंडलों से 5000 से अधिक कार्यकर्ता जगत प्रकाश नड्डा की ताजपोशी में भाग लेने जा रहे हैं। चाहे वह किन्नौर हो या चंबा सभी जगह से कार्यकर्ता आ रहे हैं। उन्होंने बताया कार्यकर्ता परंपरागत वाद्य यंत्र एवं वेशभूषा में हिमाचल से आए हैं और हिमाचल प्रदेश में जगत प्रकाश नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बहुत उत्साह है ।
