राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष के सोलन आगमन पर प्रदेशवासियों द्वारा भव्य अभिनन्दन
जगत प्रकाश नड्डा का भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन आगमन पर प्रदेशवासियों द्वारा भव्य अभिनन्दन किया गया। सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के अभिनन्दन के लिए पूरा हिमाचल यहां उमड़ पड़ा और सभी ने अपने प्रिय नेता का तहे दिल से स्वागत किया। राज्य के लोगों का सोलन में गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद करते हुए, राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य को ‘देव भूमि’ के रूप में जाना जाता है और यह सम्मान की बात है कि हिमाचल प्रदेश के सुपुत्र को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें भाजपा का नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्नेह और राज्य के लोगों के आशीर्वाद के कारण संभव हुआ है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि देश में 2000 से अधिक राजनीतिक दल हैं और उनमें से अधिकांश का नेतृत्व और संचालन एक राजनीतिक परिवार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश का एकमात्र राजनीतिक दल है, जिसमें कोई भी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष और यहां तक कि प्रधानमंत्री भी बन सकता है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भाजपा अन्य दलों से भिन्न राजनीतिक पार्टी है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता भाग्यशाली हैं कि वे एक ऐसी महान पार्टी से जुड़े हैं, जो विचारधारा द्वारा संचालित है। उन्होंने कहा कि आज पार्टी के 17 करोड़ से अधिक सदस्य हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को एक मजबूत और गतिशील नेता मिला हैं। राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान गृह मंत्री श्री अमित शाह के अनुसार, भाजपा को अभी भी बहुत कुछ हासिल करना है और यह केवल लोगों के समर्थन से संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मजबूत नेतृत्व ने असंभव को संभव बना दिया है। उन्होंने कहा कि अब अनुच्छेद 370 अतीत की बात हो गई है और आज भारत एक राष्ट्र और इसका एक संविधान है। आजादी के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर में खण्ड विकास समिति (बीडीसी) के चुनाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस महान राष्ट्र के सभी कानून अब जम्मू और कश्मीर में भी लागू हैं और अब यह तीव्र गति से विकास करेगा। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि विपक्ष नागरिक संशोधन अधिनियम (सीएए) को मुद्दा बनाकर देश में अशांति का माहौल बना रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अधिनियम में देश के अल्पसंख्यकों के खिलाफ कुछ भी नहीं है और इसका उद्देश्य पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यकों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय पूरी दुनिया में अपनी योग्यता साबित कर रहे हैं और विश्व के नेताओं ने भारत की ताकत को स्वीकार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार राज्य और उसके लोगों के कल्याण के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर आम आदमी की जरूरतों और आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील हैं। यह उनकी संवेदनशीलता और दूरदर्शिता का परिणाम है कि प्रदेश में जन मंच, हिमकेयर और गृहिणी सुविधा जैसी योजनाएं आरम्भ की गई हैं, जो लोगों की भावनाओं और आकांक्षाओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में भाजपा की डबल ईंजन की सरकार के कारण ही यह सब संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एम्स व राज्य में 69 राष्ट्रीय राजमार्ग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ओजस्वी नेतृत्व के कारण संभव हो पाए हैं।
