विधायक रामलाल ठाकुर ने प्रदेश सरकार को घेरा
हिमाचल प्रदेश के किसानों की आय को दुगनी करने के मुद्दे पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य, पूर्व मंत्री व विधायक श्री नयना देवी जी रामलाल ठाकुर ने प्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा साल 2022 तक देश के किसानों की आमदनी दोगुनी करने के मोदी सरकार के लक्ष्य को पाने की दिशा में हिमाचल प्रदेश की सरकार ने भी एक महत्वपूर्ण कदम उठाया था। सरकार ने किसानों को सिंचाई के लिए सोलर पंप सेट खरीदने पर 100% तक सब्सिडी देने का फैसला किया था। ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार व कृषि विभाग बताए कि अभी तक प्रदेश के कितने सोलर पम्प सौ प्रतिशत अनुदान पर दिए गए है।
राम लाल ठाकुर ने कहा कि इन कोरी घोषणाओं से प्रदेश के किसानों का कोई भला नहीं होने वाला। ठाकुर ने कृषि विभाग व प्रदेश सरकार से पूछा है कि प्रदेश में किसानों की जिम्मेदारी कौन लेगा। देश के प्रधानमंत्री तो वर्ष 2022 तक किसानों की आय दुगनी करने की बात कर रहे है और प्रदेश की सरकार उनको फॉलो भी कर रही है लेकिन प्रदेश के किसानों को मिलने वाली अन्य योजनाओं पर अनुदान राशियां क्यों बंद कर दी?
ठाकुर ने प्रदेश सरकार से पूछा कि क्या योजनाओं को कागजों पर लिख कर लोगों में उसका प्रचार प्रसार करने से प्रदेश के किसानों की आय दुगनी होगी या धरातल पर भी कुछ करना पड़ेगा। ठाकुर ने प्रदेश सरकार को कहा है अगर सच मे प्रदेश में सरकार किसानों का भला करना चाहती है हो तो हरित क्रांति जैसी योजनाओं का अनुसरण करें और अपने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहे कि वातानुकूलित भवनों से बाहर निकले और किसानों की बुनियादी समस्याओं को समझे और उनके अनुरूप योजनाओं को बनाए ताकि उनके परिणाम किसानों के उत्थान और प्रदेश के आमजन को भी किसानों की मेहनत का फल मिल सके क्योंकि यदि देश का किसान सुदृढ़ होगा तो देश की अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
