चार माह से बिना अवकाश के सेवाएं दे रहा डॉक्टर
कोरोना वायरस के संकट में देशभर के तमाम डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ व अन्य स्वास्थ्य कर्मी अपनों से दूर होकर एक सैनिक की तरह मोर्चे डटे हुए हैं। उपमंडल नूरपुर के जौंटा क्षेत्र के गांव अमनी का 30 बर्षीय डाॅक्टर मनोज कुमार भी चार माह से बिना छुट्टी किए चंडीगढ़ स्थित अस्पताल में निरंतर आपात सेवा दे रहे हैं। डॉक्टर मनोज ने एक भी छुट्टी नहीं की है। परिवार को भी संकट के समय में बेटे की इस सेवाभाव पर गर्व है। हालांकि इस दौरान घर में उनकी मां का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ गया और वह कुछ दिन बेहद नाजुक हालत में रहीं। इस दौरान स्वजनों ने मनोज को घर आने के लिए कहा लेकिन मनोज ने कहा कि एक डाक्टर होने के नाते इस समय संकट से झूझ रहे लोगों को मेरी जरूरत है, इसलिए मैं घर नहीं आ सकता।
मनोज की माता वीना देवी ने बताया वह लगातार मेरे स्वास्थ्य की जानकारी भी लेता रहा और बराबर दवाओं के बारे में भी अवगत करवाता रहा। वीना देवी के अनुसार यह बेटे की सेवाभाव का ही फल है कि अब मैं भी बिल्कुल स्वस्थ हूं। बकौल वीना उसे अपने बेटे पर गर्व है कि घर में मां के गंभीर रूप से बीमार होने के बाबजूद बेटे ने अपना फर्ज निभाते हुए चडीगढ़ में लोगों की सेवा में लगा रहा।