हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ ने सोलन में गुरूवंदन कार्यक्रम किया आयोजित
हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ की अगुवाई में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए जिला सोलन का गुरूवंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नरेंद्र कपिला ने की। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पवन मिश्रा बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुए। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलित करके और सरस्वती बंदना से की गई।
मुख्यातिथी पवन मिश्रा ने अपने सम्बोधन में गुरूवंदन कार्यक्रम के मूल उदेश्य को लेकर बात रखी। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के तत्वावधान में गुरूवंदन कार्यक्रम गुरू पूर्णिमा के दिन से पूरे भारत वर्ष में आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के बैनर तले प्रदेश में कार्यक्रमों की श्रृंखला एक सप्ताह तक चलेगी।उन्होंने कहा कि भारत में गुरू शिष्य की वैभवशाली परम्परा रही है जिसमें गुरू या शिक्षक की भूमिका समाज के पथ प्रदर्शक के रूप में मानी जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की धूरी है जिसके मार्गदर्शन में देश का भविष्य तैयार होता है। यही वजह है कि शिक्षक को राष्ट्र निर्माता की संज्ञा दी गई है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की मूल भूमिका को समझते हुए समाज को सही दिशा प्रदान करने के लिए खुलकर आगे आना चाहिए। इस अवसर पर विशेष अतिथि प्रकाश बट्टू ने भी अपने विचार रखे।
जिला संगठन मंत्री अमर देव शर्मा ने बताया कि जिला सोलन के सभी खंडों में गुरूवंदन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसमें संख्या व उचित दूरी का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिक्षक महासंघ के गूगल मीट ऐप्प से सोलन जिला टोली में जिला संगठन मंत्री अमर देव शर्मा, जिला मंत्री गगन चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष के एल शर्मा, नालागढ़ खंड अध्यक्ष दीपक शर्मा, बद्दी खंड के अध्यक्ष पवन शर्मा, अर्की खंड के अध्यक्ष सुनील कुमार, अतिरिक्त जिला मंत्री प्रदीप चंदेल, जिला कार्यकारिणी सदस्य भीम सिंह, जागृति कपिल, महिला उपाध्यक्ष ज्योति महाजन और प्रवक्ता संवर्ग की उपाध्यक्ष सुमन ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।
