झंडूता स्कूल में शिलान्यास पट्टिका तोड़े जाने का मामला भड़का
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडुत्ता में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा स्कूल में साइंस लैब के निर्माण के लिए लगाई गई शिलान्यास पट्टिका के तोड़े जाने और गायब करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विवेक कुमार ने कहा कि थाने में भी सिर्फ शिकायत दर्ज की गई है जबकि इस मामले में प्राथमिकी नहीं दर्ज की जा रही। उन्होंने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए यह ऐलान किया है कि अगर इस मामले की एफ आई आर दर्ज नहीं की गई और दोषियों को नहीं पकड़ा गया तो शीघ्र ही झंडुत्ता थाना का घेराव किया जाएगा और धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए चाहे जिस भी आंदोलन तक जाना पड़े उससे वे पीछे नहीं हटेंगे।
विवेक ने कहा कि असामाजिक तत्वों के हौसले इसलिए बुलंद हैं क्योंकि कुछ पुलिस के लोग उन्हें इस तरह से संरक्षण देकर बचाते हैं जो कि किसी भी समाज के लिए लाभदायक नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व में हिमाचल प्रदेश व झंडूता के अंदर जितना भी विकास हुआ है वह वीरभद्र सिंह के कर कमलों के द्वारा ही हुआ है लेकिन झंडुत्ता के अंदर इस तरह का घिनौना कृत्य जिन लोगों ने किया है उनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विकास पुरुष के नाम से जाने जाते हैं और उनके नाम की पट्टिका को तोड़ना बहुत ही गंभीर अपराध है। इस कृत्य से प्रतीत होता है कि हिमाचल प्रदेश के अंदर कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है एवं कानून प्रशासन व नेताओं की कठपुतली बन कर रह गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ झंडुत्ता थाना के अंदर लिखित शिकायत भी की गई है जिसमे कहा गया है कि जिन भी लोगों ने यह कार्य किया है उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए किंतु पुलिस प्रशासन का रवैया बिल्कुल नकारात्मक रहकर इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया बल्कि एक रपट बनाई गई जिसमें लिखा कि उदघाटन पट्टिका वहां पर लगी पाई गई है।
विवेक ने बताया जब टूटी हुई पट्टिका का फोटो दिखाया तो उनके पास कोई जबाब नहीं था इस अवसर पर उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी झंडुत्ता के अध्यक्ष सतीश चंदेल जी भी साथ रहे वह रमेश चंदेल एवं सतीश मुन्ना भी उपस्थित रहे।
