कामगार हुए बेरोज़गार, कंपनी ने बिना नोटिस के निकाला बाहर
उपमंडल नालागढ़ के पीरस्थान स्थित आरटीओ कार्यालय के सामने कंपनी ने कामगारों को प्लांट बंद करने का हवाला देते हुए बाहर कर दिया। कंपनी में कार्यरत 11 प्रभावित लोग अपनी समस्या को लेकर श्रम कार्यालय नालागढ़ में पहुंचे।
लोगों का कहना है कि बिना नोटिस के कंपनी से बाहर कर दिया गया है। कामगार पवन कुमार, रिंटु चौहान, अवदेश, शंभु, प्रदीप, शम्मी, जगदीश, गरजा राम, हरी राम व व्यास ने बताया कि प्लांट एनसीएलटी के तहत चल रहा है, लेकिन अब बिना नोटिस के निकाल दिया है, जिसके कारण बेरोजगार हो चुके है। उन्होंने कहा कि पहले कोरोना की मार झेल रहे है अब कंपनी ने बाहर करते हुए प्लांट बंद कर दिया है।
उन्होंने मांग उठाते हुए कहा कि कंपनी के भीतर तीन प्लांट है उन्हें दूसरे प्लांट में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी नियमों के तहत वीआरएस की सुविधा दी जाए, ताकि अपनी आजीविका चला सके। कामगारों का कहना है कि अगर जल्द से जल्द समाधान नही निकाला गया तो बड़े स्तर पर मांग उठाई जाएगी। इस संबंध में श्रम अधिकारी नालागढ़ अमित ठाकुर का कहना है कि कंपनी से निकाले जाने को लेकर प्रभावित लोग आए थे, जिनकी शिकायत जमा कर ली गई है। इस संबंध में कंपनी प्रबंधन के साथ बातचीत की जाएगी, ताकि कामगारों की समस्या को हल करवाया जा सके।
